
Assam Elections 2026: अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने 15 साल के शासनकाल में असम के स्वास्थ्य बजट से हर साल 150 करोड़ रुपये हड़पे
Assam Assembly Elections 2026: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार (15 मार्च) को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने असम में 15 साल के अपने शासनकाल के दौरान राज्य के स्वास्थ्य सेवा बजट से प्रति वर्ष 150 करोड़ रुपये अपनी जेब में डाल लिए। एक जनसभा को संबोधित करते हुए AI Impact Summit 2026 के दौरान ‘भारत मंडपम’ के अंदर इंडियन यूथ कांग्रेस के बिना शर्ट के विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता BJP और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने की कोशिश में देश को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। असम में 2,092 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य सेवा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करते हुए अमित शाह ने कहा कि बीजेपी समाज के सभी वर्गों के लिए सस्ती स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए काम करती है। उन्होंने राज्य की मेडिकल सुविधाओं को गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों के बराबर लाने के लिए मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की तारिफ की।
उन्होंने कहा, “10 साल पहले असम की स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था बदहाल थी क्योंकि कांग्रेस केवल अपने नेताओं के परिवारों की आर्थिक सेहत को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही थी।” कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि BJP और प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करने के उनके प्रयास में देश को बदनाम करने के उनके कृत्यों का कोई भी भारतीय समर्थन नहीं करता।
अमित शाह ने नई दिल्ली में हाल में हुए AI शिखर सम्मेलन में कांग्रेस के शर्ट उताकर विरोध प्रदर्शन करने और संसद भवन की सीढ़ियों पर चाय-पकौड़ा खाने के लिए गांधी की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, “हम भी विपक्ष में थे और हमने भी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए थे, लेकिन इसके लिए एक सही मंच होता है।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “संसद लोकतंत्र की पवित्र जगह है। इसकी सीढ़ियों का इस्तेमाल धरने के लिए भी नहीं किया जाना चाहिए और राहुल गांधी वहां ‘चाय-पकौड़ा’ खा रहे थे। क्या उन्हें पता नहीं कि नाश्ता कहां करना चाहिए?” बता दें कि राहुल गांधी ने AI समिट में हुए प्रदर्शन का हाल ही में समर्थन किया था।
कई परियोजनाओं का किया उद्धाटन
शाह ने यहां 675 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राग्ज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) का परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उद्घाटन किया। उन्होंने असम कैंसर केयर फाउंडेशन (एसीसीएफ) के तहत गोलाघाट और तिनसुकिया में निर्मित कैंसर केंद्रों का भी ऑनलाइन तरीके से उद्घाटन किया। इनमें से प्रत्येक केंद्र का निर्माण 135 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
गृह मंत्री ने दीफू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (220 करोड़ रुपए), जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (310 करोड़ रुपए) और बारपेटा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (284 करोड़ रुपए) में सुपर-स्पेशियलिटी अस्पतालों की ऑनलाइन माध्यम से आधारशिला रखी।
शाह ने गुवाहाटी में 218 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले स्वास्थ्य भवन और 115 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अभयपुरी जिला अस्पताल की भी आधारशिला रखी। शाह असम के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार शाम को यहां पहुंचे थे। पूर्वोत्तर राज्य का चार महीने में उनका यह चौथा दौरा है।
आज होगा चुनाव का ऐलान
निर्वाचन आयोग रविवार शाम को असम, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा करेगा। चुनाव आयोग ने कार्यक्रम की घोषणा करने के लिए शाम चार बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाया है। इन विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है।




